पांकी में फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ, मुमताज अहमद खान बोले- खेल से बढ़ती है नेतृत्व क्षमता

खेल से खिलाड़ियों में सामाजिक, मानसिक विकास के साथ नेतृत्व भावना पैदा होता है: मुमताज अहमद खान

पांकी, 01 अक्टूबर 2026। पांकी विधानसभा क्षेत्र के तेतराई स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर उच्च विद्यालय के मैदान में गुरुवार को डॉ. चतुर कुमार सिंह की सातवीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आजाद समाज पार्टी के पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं प्रदेश नेता मुमताज अहमद खान तथा विशिष्ट अतिथि के रूप मेंसमाजसेवी बीएन सिंह, आजाद समाज पार्टी के प्रदेश नेता नागमणि रजक, जिला परिषद सदस्य निधि सिंह एवं खुशबू देवी सहित आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष चंदू राम उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत तेतराई बस पड़ाव से हुई, जहां मुख्य अतिथि मुमताज अहमद खान का आदिवासी संस्कृति एवं परंपरागत मांदर-ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद अतिथियों एवं ग्रामीणों ने पैदल मार्च करते हुए डॉ. अंबेडकर उच्च विद्यालय परिसर पहुंचकर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। तत्पश्चात कार्यक्रम स्थल पर डॉ. चतुर कुमार सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई और टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभ किया गया।

मुख्य अतिथि मुमताज अहमद खान ने कहा कि तेतराई में केवल फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन नहीं हो रहा है, बल्कि स्वर्गीय डॉ. चतुर कुमार सिंह के संघर्षों और उनके योगदान की गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में खेल के प्रति रुचि और खेल क्रांति की भावना पैदा होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल में हार-जीत स्वाभाविक है, लेकिन खेल बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता भी विकसित करता है।

वहीं आजाद समाज पार्टी नेता नागमणि रजक ने टूर्नामेंट के आयोजनकर्ताओं सविता सिंह, अध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा, सचिव मिथलेश कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष सद्दाम आलम सहित नौसाद आलम और मो० जहांगीर , तूफान कुमार जी का और मंच संचालन कर रहे मो० सफी अलम जी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन्हीं ग्रामीण प्रतिभाओं में से भविष्य में कोई खिलाड़ी सुनील छेत्री जैसा मुकाम हासिल कर पलामू और पांकी का नाम देश-दुनिया में रोशन कर सकता है। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि मुमताज अहमद खान, माले नेता बीएन सिंह, आसपा नेता नागमणि रजक, जिला अध्यक्ष चंदू राम, महासचिव सीताराम दास एवं जिला परिषद सदस्य निधि सिंह ने फुटबॉल को किक मारकर किया।

उद्घाटन मैच पांकी प्रखंड के बहुवारा गांव और पाटन प्रखंड के बनासो गांव की टीमों के बीच खेला गया। मैच देखने के लिए पांकी प्रखंड सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में खेल प्रेमियों और ग्रामीणों की भीड़ मैदान में उमड़ी।

कार्यक्रम में आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष चंदू राम, युवा जिला अध्यक्ष अबूदर्दा खान, जिला उपाध्यक्ष इंजीनियर मीर जौहर अली, भीम आर्मी प्रखंड अध्यक्ष अजय राम, मुकेश कुमार, कार्यकर्ता दिनेश कुमार सहित आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के दर्जनों कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।