गिरिडीह में नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों का सम्मान, मनोज साहू ने उपचुनाव में एकजुटता पर दिया जोर

मंडल अध्यक्षों को मिली नई जिम्मेदारी, भाजपा ने किया सम्मान—मनोज साहू बोले, उपचुनाव में एकजुट होकर जुटें कार्यकर्ता

गिरिडीह। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा की ओर से चलाए जा रहे सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की कड़ी में न्यू बरगंडा स्थित भाजपा नेता मनोज साहू के आवासीय कार्यालय में नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों एवं मंडल मंत्रियों के सम्मान में कार्यकर्ता मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में मंडल स्तर के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों और मंत्रियों से पार्टी के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक पहुंचाने तथा कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने की अपील की।
वहीं भाजपा नेता मनोज साहू ने कहा कि कार्यकर्ता मिलन समारोह के माध्यम से पार्टी के कार्यकर्ताओं और नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान किया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले गिरिडीह उपचुनाव को लेकर सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने की जरूरत है। संगठन के कार्यकर्ता मिलकर मजबूती से मैदान में उतरें तो चुनाव में पार्टी बेहतर प्रदर्शन कर सकती है।
कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों एवं मंडल मंत्रियों को सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और पार्टी के कार्यक्रमों को आम लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
मौके पर संदीप डोंगाइच, नवीन सिन्हा, जयशंकर सिन्हा उर्फ सिंकू, राकेश आर्या, किशोर साव, राजेश गुप्ता, उज्ज्वल साव, गुड़िया देवी समेत भाजपा के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।