धुरकी पुलिस ने छात्रों को साइबर अपराध और सामाजिक कुरीतियों के प्रति किया जागरूक

धुरकी रक्सी विद्यालय में छात्रों को साइबर अपराध व सामाजिक कुरीतियों के प्रति धुरकी पुलिस ने किया जागरूक

धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत राजकीय मध्य विद्यालय रक्सी में पुलिस द्वारा छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति, बाल विवाह, महिला एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराध, पोक्सो एक्ट तथा डायन प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान पुलिस ने छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी से बचने के उपायों की जानकारी देते हुए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही सड़क पर यातायात नियमों का पालन करने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने कहा कि बच्चों को कानून और उनके अधिकारों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचने के लिए विद्यार्थियों को सतर्क रहना चाहिए और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी परिजनों या पुलिस को देनी चाहिए। उन्होंने बाल विवाह, नशाखोरी और डायन प्रथा जैसी कुरीतियों से दूर रहने की अपील की।उन्होंने छात्राओं एवं छात्रों को महिला और बाल सुरक्षा से संबंधित कानूनों की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर पुलिस की मदद ली जा सकती है। आपात स्थिति में डायल 112 का उपयोग करने की जानकारी भी दी गई।
जागरूकता अभियान के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। पुलिस ने विद्यार्थियों से जागरूकता संदेशों को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने की अपील की।