यातायात नियमों के प्रति जागरूक हुए किरण पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राएं

यातायात नियमों के प्रति जागरूक हुए किरण पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राएं

लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह एलीट एवं पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में लगा जागरूकता शिविर, दिलाई गई यातायात नियमों के पालन की शपथ

गिरिडीह। लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह एलीट एवं गिरिडीह पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में कोल्डीहा स्थित किरण पब्लिक स्कूल में यातायात जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ट्रैफिक डीएसपी आर.के. राणा, ट्रैफिक इंस्पेक्टर टोपनो एवं ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम का संचालन रीजन चेयरपर्सन लायन धर्म प्रकाश ने किया, जबकि अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष लायन राहुल बर्मन ने की। मौके पर लायन धर्म प्रकाश ने सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों पर चिंता जताते हुए कहा कि यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और उनका पालन बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में देश में सड़क दुर्घटनाओं में करीब 1.84 लाख लोगों की जान गई। उन्होंने झारखंड में भी सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति को गंभीर बताते हुए लोगों से नियमों का पालन करने की अपील की।

क्लब अध्यक्ष लायन राहुल बर्मन ने कहा कि तेज गति से वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में से एक है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने की अपील की।

शिविर के दौरान ट्रैफिक अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस समेत विभिन्न यातायात नियमों की जानकारी दी। साथ ही नियमों के उल्लंघन पर निर्धारित दंड एवं कानूनी प्रावधानों के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।

स्कूल के चेयरमैन अशोक कुमार सिंह ने बच्चों से यातायात नियमों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। वहीं निदेशक राजीव रंजन सिंह ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए लायंस क्लब एवं पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में क्लब सचिव लायन डॉ. सुमन कुमार, कोषाध्यक्ष लायन मसरूर आलम सिद्दीकी, लायन सब्बीर आलम सहित क्लब के अन्य सदस्य एवं स्कूल परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार का सराहनीय योगदान रहा।