ऋतिक यादव हत्याकांड में आजसू छात्र संघ जिला उपाध्यक्ष सतीश यादव का नाम सामने आया, तलाश में छापेमारी तेज़

ऋतिक यादव हत्याकांड में आजसू छात्र संघ जिला उपाध्यक्ष सतीश यादव का नाम सामने आया, तलाश में छापेमारी तेज़

गिरिडीह। मैगी पॉइंट के पास युवक ऋतिक यादव की पीट-पीटकर हत्या के मामले में जांच के दौरान अब आजसू छात्र संघ जिला कमेटी के उपाध्यक्ष सतीश यादव का नाम सामने आ रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार द्वारा विशेष जांच दल (SIT) गठित किए जाने के बाद पुलिस सतीश यादव की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना से पहले मैगी पॉइंट के पास ऋतिक यादव और सतीश यादव के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद सतीश यादव ने अपने कुछ साथियों को मौके पर बुलाया, जिसके बाद रितिक यादव के साथ मारपीट की गई। मारपीट में गंभीर रूप से घायल रितिक की बाद में मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। विशेष जांच दल घटना के कारणों के साथ-साथ मौके पर मौजूद लोगों और मारपीट में शामिल अन्य युवकों की भूमिका की भी पड़ताल कर रहा है। पुलिस संभावित आरोपियों के ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

हालांकि, सतीश यादव की भूमिका और उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों की पुलिस की ओर से फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना में किस-किस की भूमिका रही है।