ऋतिक हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी सतीश यादव गिरफ्तार

ऋतिक हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी सतीश यादव गिरफ्तार.
गिरिडीह। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी स्थित मैगी पॉइंट के पास हुए ऋतिक यादव हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी सतीश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में घटना से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए हैं। मामले की आगे की तस्वीर अन्य साक्ष्यों और जांच के बाद और स्पष्ट होगी।
जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर की रात सहायक अवर निरीक्षक मुसाफिर सिंह यादव का पुत्र ऋतिक यादव अपने दोस्तों के साथ बंदरकुप्पी के मैगी पॉइंट पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर ऋतिक और सतीश यादव के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद सतीश वहां से चला गया, जबकि ऋतिक अपने दोस्तों के साथ गिरिडीह की ओर रवाना हो गया।
पुलिस के मुताबिक, कुछ समय बाद सतीश अपने साथियों के साथ ऋतिक की तलाश में निकला। बदगुंदा मोड़ के समीप ऋतिक और उसके साथी कार के पास मिले। आरोप है कि इसी दौरान उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें ऋतिक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई थी विशेष टीम
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार ने सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की।
टीम में मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन, अवर निरीक्षक विवेक माधुरी, स्पेशल इन्वेस्टिगेशन सेल के अवर निरीक्षक मणिकांत समेत तकनीकी सेल के पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया था।
विशेष टीम ने आरोपी की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। तकनीकी इनपुट और अन्य जांच के आधार पर पुलिस आखिरकार सतीश यादव तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसपी डॉ. बिमल कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि ऋतिक यादव हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त सतीश यादव को गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद दर्ज प्राथमिकी में सतीश यादव समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया था। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।