झारखंड में आज भी भारी बारिश का अलर्ट, तेज हवा और वज्रपात की आशंका

झारखंड में शनिवार को भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने की संभावना है। राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में जलजमाव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की भी आशंका है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव के क्षेत्र और उससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से झारखंड में व्यापक मौसम परिवर्तन हुआ है। दक्षिण ओडिशा और उससे सटे दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर बना डीप डिप्रेशन उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है।
इसके प्रभाव से झारखंड में नमी की मात्रा बढ़ी है और बादल सक्रिय हुए हैं। इसी वजह से पिछले कुछ दिनों से राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक हवा की रफ्तार धीरे-धीरे कम होगी और रविवार से मौसम में सुधार आने की संभावना है।