संत मरियम स्कूल में किशोरावस्था शिक्षा पर दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम शुरू
किशोरावस्था शिक्षा पर संत मरियम स्कूल में दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम शुरू
मेदिनीनगर। सीबीएसई के द्वारा संत मरियम स्कूल, कजरी में किशोरावस्था शिक्षा विषय पर दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम शनिवार से शुरू हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय चेयरमैन श्री अविनाश देव, प्राचार्य कुमार आदर्श, रिसोर्स पर्सन नितिन राज, विजय पांडे व अन्य शिक्षकों के द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम का आयोजन 26 और 27 सितंबर को किया जा रहा है, जिसमें शिक्षकों को किशोर विद्यार्थियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान रिसोर्स पर्सन के द्वारा शोरावस्था में होने वाले शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक बदलावों के साथ विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को समझने तथा उन्हें उचित मार्गदर्शन देने पर चर्चा की जा रही है। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को इस संवेदनशील अवस्था से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे विद्यार्थियों के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर सकें।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन श्री अविनाश देव ने कहा कि किशोरावस्था विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण चरण है। इस दौरान उन्हें सही जानकारी और सकारात्मक मार्गदर्शन मिलना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की भूमिका केवल शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को समझना और आवश्यकता के अनुसार उनका मार्गदर्शन करना भी उसका महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम में प्राचार्य कुमार आदर्श उप-प्राचार्य एस बी शाहा समन्वयक अमरेंद्र कुमार, दीपक कुमार, एकता सहाय, आयुषी गर्ग एवं शिक्षक मौजूद थे।

