कोडरमा स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन की आखिरी बोगी में उठा धुआं, 25-30 यात्री सुरक्षित निकाले गए

धनबाद-गया रेलखंड के कोडरमा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर गुरुवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब कोडरमा से बरकाकाना जाने वाली 53373 पैसेंजर ट्रेन की आखिरी बोगी से अचानक तेज धुआं उठने लगा।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन दोपहर करीब 3:15 बजे प्लेटफॉर्म से खुलने वाली थी। इसी दौरान आखिरी बोगी में शोर होने लगा और देखते ही देखते धुआं उठने लगा। घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन प्रबंधक, आरपीएफ प्रभारी व जवान तथा जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद रेल प्रशासन ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। दमकल की टीम भी मौके पर पहुंची और आग बुझाई। बताया जा रहा है कि प्रभावित बोगी में करीब 25–30 यात्री सवार थे। राहत की बात यह है कि सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।