गिरिडीह में पावर सब-स्टेशन में भीषण डकैती, SDPO ने लिया जायजा; अपराधियों की तलाश तेज
पावर सब-स्टेशन में भीषण डकैती के बाद पुलिस ने तेज की जांच
एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने घटनास्थल का लिया जायजा, कर्मियों व सुरक्षा गार्डों से की पूछताछ
गिरिडीह। गांडेय थाना क्षेत्र अंतर्गत घाटकुल पंचायत के मंडवाटांड़ गांव में स्थित निर्माणाधीन पावर सब-स्टेशन में हुई भीषण डकैती के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है। घटना को लेकर संवेदक कंपनी एभीएसके इंजीनियर के प्रतिनिधि धीरज कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर गांडेय थाना में कांड संख्या 52/26 दर्ज किया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह एसडीपीओ जीतवाहन उरांव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने निर्माणाधीन पावर सब-स्टेशन का मुआयना करने के साथ वहां कार्यरत कर्मियों एवं सुरक्षा गार्डों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाते हुए अपराधियों तक पहुंचने के लिए जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, डकैती की घटना के बाद अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरिडीह के अलावा सीमावर्ती अन्य जिलों में भी पुलिस टीम सक्रिय है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच करते हुए घटना के उद्भेदन में जुटी है।
फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

