बरवाडीह में शिक्षा को मिली नई दिशा, विधायक रामचंद्र सिंह ने कई विकास कार्यों का किया शिलान्यास
शिक्षा के क्षेत्र में विकास को मिली नई दिशा, विधायक रामचंद्र सिंह ने किए कई शिलान्यास।
बरवाडीह से शिक्षा और विकास से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है।
मनिका विधानसभा के विधायक श्री रामचंद्र सिंह द्वारा विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया।
बताया गया कि विधायक द्वारा करीब सात से आठ शैक्षणिक विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया, जिनकी शुरुआत छिपादोहर आवासीय विद्यालय से हुई। इसके बाद क्षेत्र के कई विद्यालयों में विकास कार्यों का शिलान्यास करते हुए कार्यक्रम बरवाडीह हाई स्कूल से लेकर बरवाडीह प्रखंड अंतर्गत हेंदेहास आवासीय विद्यालय तक पहुंचा।
इस मौके पर विधायक श्री रामचंद्र सिंह ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा के स्तर को मजबूत किए बिना विकास और लक्ष्य की प्राप्ति संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
इन विकास कार्यों से विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती संतोषी शेखर, विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह, कांग्रेस युवा कैबिनेट विजय बहादुर सिंह, DSP विरेंद्र कुमार,कमलेश सिंह, अवधेश वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
शिक्षा के क्षेत्र में लगातार हो रहे इन विकास कार्यों को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखने को मिला। लोगों ने उम्मीद जताई कि विद्यालयों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
बरवाडीह से अर्चना कुमारी की रिपोर्ट।


