करमा पूजा की तैयारी के बीच हादसा, पिकअप की चपेट में 4 वर्षीय बच्चे की मौत
गिरिडीह। अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के रकस्कूट्टो गांव में मंगलवार शाम करमा पूजा की तैयारी के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार के लिए खुशियों को मातम में बदल दिया। दिनेश मंडल के 4 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार की तेज रफ्तार पिकअप वैन की चपेट में आने से मौ*त हो गई।
परिजनों के अनुसार, हिमांशु की तीन बहनें घर में करमा पूजा की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान सड़क किनारे खेल रहा हिमांशु अचानक पिकअप वाहन की चपेट में आ गया। हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण बच्चे को इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृ,त घोषित कर दिया। जिसके बाद अस्पताल परिसर में परिजनों की चित्कार से पूरा माहौल गमगीन हो उठा।
बच्चे की मौ,त की खबर फैलते ही घर-परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक का माहौल छा गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने हादसे के विरोध में सड़क जाम कर दिया, जिससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। ग्रामीणों ने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजे की मांग की।
सूचना मिलने पर अहिल्यापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों से पिकअप चालक को सुरक्षित निकालकर उसे हिरासत में ले लिया। घटना की सूचना पर गांडेय थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह, एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, सीओ ओम प्रकाश बड़ाईक, अहिल्यापुर थाना प्रभारी ऐनुल हक खां, ताराटांड़ थाना प्रभारी बुधेश्वर उरांव समेत अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और स्थानीय लोगों द्वारा ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा था।

