शिवकुमार चौधरी के निधन पर कलाकारों ने जताया शोक, काली मंदिर परिसर में हुई शोकसभा
शिवकुमार चौधरी के निधन पर कलाकारों ने जताया शोक, काली मंदिर परिसर में हुई शोकसभा
लेस्लीगंज। विश्रामपुर प्रखंड के पंजरी कला निवासी लोक कलाकार एवं व्यास शिवकुमार चौधरी के निधन पर लेस्लीगंज प्रखंड इकाई के कलाकारों ने काली मंदिर परिसर में शोकसभा आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उपस्थित कलाकारों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
शोकसभा में कलाकारों ने शिवकुमार चौधरी के जीवन और लोककला के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि शिवकुमार चौधरी ने लोककला और कलाकारों के प्रति समर्पण के साथ अपनी विशिष्ट पहचान बनाई थी। उनके निधन से स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ पलामू के संगीत एवं कला जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।
सेवानिवृत्त शिक्षक शिव शंकर राम ने कहा कि लोक संस्कृति के महागायक शिवकुमार चौधरी के निधन से पलामू प्रमंडल के संगीत जगत में शोक की लहर है। उनका निधन कला जगत के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
शोकसभा में व्यास अंकु राय, श्याम सांवरिया, दीपक गिरी, सुदामा महतो, तुलसी राम, दुदुनु दुबे, इंद्रेश शुक्ला, जलिंदर राम, रामसेवक ठाकुर, बेचन मुंडा, मधेश्वरी सिंह, शक्तिकेश भारती, लक्षण शर्मा सहित बड़ी संख्या में कलाकार उपस्थित थे। सभी ने दिवंगत कलाकार के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

