पूर्व मंत्री विमला प्रधान को CM हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि, आवास पहुंचकर परिजनों को बंधाया ढांढस
झारखंड की पूर्व पर्यटन मंत्री और सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहीं बीजेपी की वरिष्ठ नेत्री दिवंगत विमला प्रधान को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत रांची के लोअर करमटोली में रोड नंबर-2 स्थित विमला प्रधान के आवास पहुंचे। जहां उन्होंने विमला प्रधान के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मौके पर मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों से भी मुलाकात की और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया।
सीएम सोरेन ने कहा कि विमला प्रधान का निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में उनका योगदान और जनता के प्रति समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, चम्पाई सोरेन, मधु कोड़ा और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

