पिता की याद में बेटियों ने बांटी खुशियां, बच्चों और बुजुर्गों के बीच फल-मिठाई वितरित
पिता की याद में बेटियों ने चुना सेवा का रास्ता, बच्चों और बुजुर्गों के बीच बांटे फल-मिठाई
गिरिडीह, 18 सितंबर। दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के 13वें दिन उनकी बेटियां सृष्टि और समृद्धि ने पिता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सेवा को माध्यम बनाया। पिता की कमी का दर्द उनके चेहरों पर साफ दिखाई दिया, लेकिन उन्होंने उनकी स्मृति में बच्चों और बुजुर्गों के बीच खुशियां बांटने का निर्णय लिया।
दोनों बेटियां अजीडीह स्थित नेत्रहीन बाल विकास विद्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने बच्चों के बीच फल और मिठाई वितरित की तथा उनके साथ कुछ समय बिताया। इसके बाद स्नेह दीप वृद्धा आश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के बीच भी फल और प्रसाद का वितरण किया।
सेवा का यह सिलसिला पीरटांड़ तक पहुंचा, जहां बालिका विद्यालय पीरटांड़ और कस्तूरबा विद्यालय मधुबन में विद्यार्थियों के बीच फल और मिठाई बांटी गई।
इस दौरान कई मौके ऐसे आए, जब माहौल भावुक हो गया। पिता को खोने का गम बेटियों के चेहरे पर नजर आया, लेकिन उन्होंने अपने दर्द को अपने तक सीमित रखने के बजाय पिता की यादों को सेवा और अपनत्व से जोड़ने का प्रयास किया।
कार्यक्रम के दौरान गिरिडीह की महापौर प्रमिला मेहरा, मंगरोडीह पंचायत की मुखिया उषा देवी, महानगर अध्यक्ष रॉकी सिंह, अभय सिंह, दिलीप रजक, गोपाल शर्मा, राकेश रंजन, भरत यादव, संजय वर्मा समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सृष्टि और समृद्धि का यह प्रयास पिता की स्मृति को एक अलग भाव देता नजर आया। उन्होंने अपने पिता को केवल श्रद्धांजलि ही नहीं दी, बल्कि बच्चों और बुजुर्गों के बीच अपनापन बांटकर उनके संस्कारों और सेवा भावना को आगे बढ़ाने का संदेश भी दिया।

