झारखंड के प्रधानाध्यापकों का राजस्थान में पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, स्कूल नेतृत्व पर जोर

गिरिडीह समेत झारखंड के विभिन्न जिलों के चयनित प्रधानाध्यापकों का राजस्थान में पांच दिवसीय प्रशिक्षण सह एक्सपोजर विजिट शुरू हो गया है। राजस्थान पहुंचने पर पिरामल फाउंडेशन की टीम ने प्रधानाध्यापकों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। प्रशिक्षण का आयोजन राजस्थान स्थित पिरामल स्कूल ऑफ लीडरशिप, अशोक नगर में किया जा रहा है। इस दौरान प्रधानाध्यापकों को विद्यालय नेतृत्व, प्रभावी प्रबंधन, शिक्षण प्रक्रिया को बेहतर बनाने और शैक्षणिक नवाचार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है। एक्सपोजर विजिट के दौरान उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों की कार्यप्रणाली को करीब से समझने और वहां अपनाई जा रही प्रभावी प्रक्रियाओं का अवलोकन करने का अवसर मिलेगा। गिरिडीह के धनवार, गावां, जमुआ, देवरी, पीरटांड़, गिरिडीह और गांडेय प्रखंड के प्रधानाध्यापक भी इसमें शामिल हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रधानाध्यापकों की नेतृत्व क्षमता बढ़ाने के साथ विद्यालयों में पठन-पाठन की गुणवत्ता और प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत करना है। प्रशिक्षण से मिली सीख को वे अपने विद्यालयों में लागू करेंगे।