गिरिडीह कॉलेज में अनियमितता का आरोप, आजसू छात्र संघ 19 सितंबर से करेगा धरना
गिरिडीह। अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू छात्र संघ), गिरिडीह इकाई ने गिरिडीह कॉलेज में कथित वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन से उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र संज्ञान नहीं लिया गया तो 19 सितंबर से कॉलेज परिसर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
आजसू छात्र संघ के जिला अध्यक्ष अक्षय यादव ने कहा कि कॉलेज में परीक्षा संबंधी कार्यों, वित्तीय लेन-देन, अभिलेखों, कथित फर्जी हस्ताक्षर एवं अन्य प्रशासनिक मामलों को लेकर गंभीर शिकायतें सामने आई हैं। इन शिकायतों एवं उपलब्ध दस्तावेजों की विश्वविद्यालय स्तर से निष्पक्ष जांच कराकर वास्तविक स्थिति विद्यार्थियों एवं आम जनता के सामने स्पष्ट की जानी चाहिए।
संगठन ने मांग की है कि कॉलेज में हुए भुगतान एवं व्यय से संबंधित अभिलेखों की जांच की जाए, कथित फर्जी हस्ताक्षर एवं वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन कराया जाए तथा जांच पूरी होने तक संबंधित अभिलेखों को सुरक्षित रखा जाए। जांच में यदि कोई व्यक्ति या पदाधिकारी दोषी पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही छात्र संघ ने कॉलेज की शैक्षणिक एवं मूलभूत व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा विद्यार्थियों के हित में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
अक्षय यादव ने कहा कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा इन मांगों पर शीघ्र संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ नहीं की जाती है, तो 19 सितंबर 2026 से गिरिडीह कॉलेज परिसर में आजसू छात्र संघ के नेतृत्व में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन विद्यार्थियों के हित, कॉलेज में पारदर्शी एवं जवाबदेह व्यवस्था तथा कथित वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर किया जाएगा। आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संचालित किया जाएगा।
इसकी सूचना जिला प्रशासन, विश्वविद्यालय और गिरिडीह कॉलेज प्रशासन को दे दी गई है। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष चंदन मंडल, सतीश यादव, संजीत यादव, नवीन चौरसिया, जिला सचिव कुंदन चंद्रवंशी, करण यादव, सह सचिव सागर तिवारी, मीडिया प्रभारी दिवाकर चंद्रवंशी, अब्दुल अंसारी, मनीष यादव सहित अन्य छात्र नेता उपस्थित थे।

