खड़े हनुमान जी की प्रतिमा बचाने को बजरंग दल का प्रदर्शन, यथास्थान रखने की मांग
खड़े हनुमान जी को यथास्थान रखने की मांग को लेकर बजरंग दल का विशाल प्रदर्शन इंदौर एवं उज्जैन विभाग के नेतृत्व में प्रदर्शन, खूँटी से जिला संयोजक कर्मवीर महतो के नेतृत्व में पहुंची टीम उज्जैन। खड़े हनुमान जी की प्रतिमा को सड़क चौड़ीकरण के लिए स्थानांतरित किए जाने की चर्चा के विरोध में बुधवार को बजरंग दल द्वारा उज्जैन में विशाल प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व बजरंग दल इंदौर विभाग एवं उज्जैन विभाग द्वारा किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने खड़े हनुमान जी की प्रतिमा को यथास्थान रखने की मांग को लेकर जिला प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखी तथा जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई कि सड़क चौड़ीकरण एवं विकास कार्यों के लिए ऐसा वैकल्पिक समाधान निकाला जाए, जिससे खड़े हनुमान जी की प्रतिमा अपने वर्तमान स्थान पर सुरक्षित एवं सम्मानपूर्वक बनी रहे। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का कहना है कि खड़े हनुमान जी श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल हैं। ऐसे मामलों में विकास कार्यों के साथ धार्मिक भावनाओं एवं मंदिर की धार्मिक-सांस्कृतिक महत्ता का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। प्रदर्शन में बजरंग दल जिला खूँटी के जिला संयोजक कर्मवीर महतो के नेतृत्व में खूँटी जिले की टीम ने भी सहभागिता की। टीम में राजेश सिंह, निशांत साहू, संदीप कुमार, अभिषेक कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर कर्मवीर महतो ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े स्थलों के संबंध में निर्णय लेते समय श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्य आवश्यक हैं, लेकिन विकास के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। बजरंग दल ने जिला प्रशासन से मांग की कि खड़े हनुमान जी की प्रतिमा को यथास्थान रखते हुए सड़क चौड़ीकरण के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जाए तथा श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाए।

