अविनाश देव के नेतृत्व में निजी विद्यालयों का महाजुटान, झारखंड में शिक्षा क्रांति का संकल्प
अविनाश देव के नेतृत्व में निजी विद्यालयों का महाजुटान, झारखंड में शिक्षा क्रांति का संकल्प
बरवाडीह से गूंजी शिक्षा में बदलाव की हुंकार, एकजुट हुए झारखंड के निजी विद्यालय
मेदिनीनगर। शिक्षा व्यवस्था में सुधार एवं निजी विद्यालयों के हक-अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ झारखंड स्टेट स्कूल्स एसोसिएशन का पलामू प्रमंडल स्तरीय महासम्मेलन बरवाडीह स्थित शांतिनिकेतन पब्लिक स्कूल परिसर में संपन्न हुआ। महासम्मेलन में लातेहार, पलामू और गढ़वा जिले के सीबीएसई एवं आईसीएसई से मान्यता प्राप्त एवं गैर-मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के संचालक व प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में विद्यालयों की विभिन्न समस्याओं, सरकारी नीतियों, चुनौतियों तथा निजी शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उपायों पर गंभीर मंथन किया गया। संगठन की एकजुटता और विद्यालय हित में निरंतर संघर्ष का संकल्प लिया गया। झारखंड स्टेट स्कूल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश देव के नेतृत्व में प्रदेश के निजी विद्यालयों ने अपनी एकजुटता का मजबूत संदेश देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव और नई क्रांति का संकल्प लिया। महासम्मेलन में निजी विद्यालयों के अधिकारों की रक्षा के साथ गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं संस्कारयुक्त शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। सभी विद्यालय संचालकों ने संगठन को मजबूत करते हुए झारखंड की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
मौके पर अध्यक्ष अविनाश देव ने कहा कि झारखंड की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में निजी विद्यालयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमारा उद्देश्य केवल अपने विद्यालयों के हितों की रक्षा करना नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण, संस्कारयुक्त और बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसके लिए राज्य के सभी निजी विद्यालयों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि संगठन की एकता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। हम मिलकर निजी विद्यालयों की समस्याओं का समाधान कराने, उनके अधिकारों की रक्षा करने और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर संघर्ष करेंगे। उन्होंने आह्वान किया कि “एकजुट निजी विद्यालय, सशक्त शिक्षा व्यवस्था और विकसित झारखंड” के संकल्प के साथ सभी आगे बढ़ें। उक्त अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश देव ने मुकेश कुमार सिन्हा को झारखंड स्टेट स्कूल्स एसोसिएशन के प्रदेश संरक्षक के रूप में घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुकेश कुमार सिन्हा के अनुभव, मार्गदर्शन एवं सहयोग से संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी।
मौके पर संरक्षक मुकेश कुमार सिन्हा ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण की सबसे मजबूत आधारशिला है। निजी विद्यालय वर्षों से सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय संचालकों की एकजुटता, आपसी सहयोग और सकारात्मक सोच से ही शिक्षा के क्षेत्र में सार्थक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने सभी विद्यालयों से संगठन को मजबूत करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
शांतिनिकेतन पब्लिक स्कूल, बरवाडीह के निदेशक पवन कुमार गुप्ता ने कहा कि निजी विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे महासम्मेलन आपसी एकजुटता, सहयोग और अनुभव साझा करने का सशक्त मंच हैं।
मौके पर वरिष्ठ सदस्य भीम यादव ने कहा कि कोई भी विद्यालय छोटा या बड़ा नहीं होता। प्रत्येक विद्यालय का शिक्षा के क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि झारखंड स्टेट स्कूल्स एसोसिएशन के बैनर तले बड़े विद्यालयों के साथ-साथ छोटे एवं मध्यम विद्यालयों के हितों की भी पूरी तरह रक्षा की जाएगी। संगठन सभी विद्यालयों को सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सचिव गिरीश कुमार ने कहा कि निजी विद्यालय आज अनेक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। बढ़ती प्रशासनिक जटिलताओं, संसाधनों की कमी, शुल्क संबंधी सीमाओं और विभिन्न नियमों के कारण विद्यालयों के संचालन में कठिनाइयाँ उत्पन्न हो रही हैं।वरिष्ठ सदस्य अफ्ताब आलम ने कहा कि निजी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए संगठन द्वारा शीघ्र ही विभिन्न रचनात्मक एवं उपयोगी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षणिक, मानसिक, सामाजिक एवं व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ अभिभावकों की जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास किया जाएगा। कोषाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने कहा कि झारखंड स्टेट स्कूल्स एसोसिएशन का उद्देश्य विभिन्न जिलों में संचालित निजी विद्यालय संगठनों के साथ संवाद एवं समन्वय स्थापित कर उन्हें इस अभियान से जोड़ना है। संगठन शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर एवं रचनात्मक कार्य करने के लिए निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रखे जाएंगे। उक्त अवसर पर एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य सुधीर कुमार मेहता, राजीव गोयल, सुशील कुमार दूबे, उपेंद्र कुमार गुप्ता, नरेंद्र, ललन प्रजापति और धीरज कुमार सहित अन्य सदस्यों ने संगठन के अभियान को व्यापक स्तर पर ले जाने तथा पूरे झारखंड में इसे मजबूत और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। झारखंड स्टेट स्कूल्स एसोसिएशन के पलामू प्रमंडल स्तरीय महासम्मेलन का सफल संचालन ई. नन्द किशोर भारती ने किया। कार्यक्रम के अंत में शांतिनिकेतन पब्लिक स्कूल की कोऑर्डिनेटर सीमा गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने महासम्मेलन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विद्यालय संचालकों एवं झारखंड स्टेट स्कूल्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।उक्त अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश देव ने सभी विद्यालय संचालकों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। बैठक के समापन के पश्चात सभी विद्यालय संचालकों ने बेतला स्थित होटल वन विहार में एक साथ सुरुचिपूर्ण भोजन का आनंद लिया।

