पांकी के सूर्या होटल में यूपी के प्रवासी मजदूर की संदिग्ध मौत, तेल चोरी विवाद से जुड़े तार!
पांकी के जरही चौक स्थित सूर्या होटल में यूपी के प्रवासी मजदूर की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, पुलिस जांच में जुटी
पांकी: पांकी प्रखंड क्षेत्र के जरही चौक स्थित सूर्या होटल में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के एक प्रवासी मजदूर का शव संदेहास्पद अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कपड़ा बेचने का काम करता था मृतक
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बदायूं जिला अंतर्गत फैजगंज बेहटा (बिसौली, वार्ड नंबर 07, गंगापुर) निवासी विकाश शर्मा (पिता- कल्लू शर्मा) के रूप में हुई है। विकाश अपने अन्य साथियों के साथ सूर्या होटल में ठहरा हुआ था और पांकी प्रखंड क्षेत्र में घूम-घूमकर कपड़ा बेचने का काम करता था।
सुबह कमरे में मृत मिला मजदूर
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह जब साथ में काम करने वाला अन्य सहयोगी विकाश को उठाने उसके कमरे में गया, तो वह मृत अवस्था में पड़ा मिला। सहकर्मी के शोर मचाने पर आसपास के लोग और होटल स्टाफ एकत्रित हुए, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
तेल चोरी के विवाद से जुड़ रहे तार
अचानक हुई इस मौत के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना से पूर्व होटल संचालक और प्रवासी मजदूरों के बीच बाइक से तेल चुराने को लेकर किसी बात पर विवाद हुआ था। इस विवाद के ठीक बाद हुई इस असामयिक मौत को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस होटल के कर्मचारियों, मृतक के साथियों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर हर संभावित पहलू से मामले की जांच कर रही है।


