रिम्स में बनेगा नया पावर सर्विस ब्लॉक
रिम्स में बनेगा नया पावर सर्विस ब्लॉक
तीन 4000 केवीए ट्रांसफार्मर लगेंगे, ओपीडी-आईपीडी समेत आईसीयू को मिलेगी निर्बाध बिजली
रांची। रिम्स में पुराने भवनों के जीर्णोद्धार और नए मेडिकल उपकरण लगाए जाने से बढ़ने वाले विद्युत लोड को देखते हुए नया पावर सर्विस ब्लॉक बनाया जा रहा है। पोस्टमार्टम हाउस परिसर में बनने वाले इस ब्लॉक में 4000 केवीए क्षमता के तीन ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इसके जरिए रिम्स के ओपीडी, आईपीडी और न्यू एकेडमिक ब्लॉक को बिजली आपूर्ति से जोड़ा जाएगा।
नए पावर सर्विस ब्लॉक से मेडिसिन, सर्जरी, न्यूरो सर्जरी, शिशु रोग, स्त्री एवं प्रसूति तथा हड्डी विभाग के वार्डों को भी जोड़ा जाएगा। इसके अलावा मेडिसिन, सर्जरी और न्यूरो सर्जरी के आईसीयू को भी इस विद्युत व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। इससे अस्पताल में लगे जीवनरक्षक उपकरणों के संचालन पर बिजली कटौती या ट्रिपिंग का असर नहीं पड़ेगा।
पावर सर्विस ब्लॉक के लिए आधारभूत संरचना तैयार करने की जिम्मेदारी जेएसबीसीसीएल को दी गई है। रिम्स अधीक्षक डॉ. हिरेंद्र बिरुआ के अनुसार, अस्पताल में लगातार बढ़ रहे विद्युत लोड को देखते हुए यह व्यवस्था की जा रही है। इसका उद्देश्य बिजली ट्रिप होने की समस्या को कम करना और अस्पताल के महत्वपूर्ण विभागों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना है।

