छतरपुर में दिव्यांगों व वरिष्ठ नागरिकों को मिले सहायक उपकरण, सांसद वीडी राम ने किया वितरण
पलामू – संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत छतरपुर प्रखंड परिसर में भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ADIP एवं RVY योजना के तहत दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के बीच विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय सांसद पलामू श्री विष्णु दयाल राम ने लाभार्थियों के बीच सहायक उपकरण वितरित किए।
सांसद श्री विष्णु दयाल राम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद एवं वंचित लोगों के जीवन को सुगम, सुरक्षित और सम्मानजनक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और दैनिक जीवन में सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से सहायक उपकरण उपलब्ध कराना केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उसका लाभ पात्र व्यक्ति तक समय पर और सहज रूप से पहुंचे। इसी दिशा में ऐसे वितरण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को उनके घर के नजदीक आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा सकें।
उपरोक्त कार्यक्रम के तहत ADIP योजना के अंतर्गत 104 दिव्यांग लाभार्थियों को 218 सहायक उपकरण प्रदान किए गए, जिनका कुल मूल्य ₹17.49 लाख है। वहीं RVY योजना के अंतर्गत 189 वरिष्ठ नागरिकों को 1,094 सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिनका कुल मूल्य ₹18.91 लाख है।
वितरित किए गए सहायक उपकरणों में मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, व्हीलचेयर विद कमोड, वॉकिंग स्टिक, एक्सिलरी क्रच, क्रच एल्बो, हियरिंग एड, सीपी चेयर, फोल्डेबल वॉकर, ब्रेल केन, सुगम्य केन, नी ब्रेस, लुम्बो-सैक्रल बेल्ट, लुम्बो-कुशन सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण शामिल हैं।
सांसद श्री राम ने कहा कि उक्त योजनाओं का उद्देश्य केवल उपकरण उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में आत्मविश्वास, गतिशीलता और आत्मनिर्भरता बढ़ाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि पात्र लाभार्थियों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी कठिनाई के समय पर उपलब्ध कराया जाए।
पलामू संसदीय क्षेत्र के दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसे शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में जिला सांसद प्रतिनिधि श्री विजय ओझा, वरिष्ठ नेता श्री ईश्वरी पाण्डेय, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री आशिष कुमार साहू, सांसद के निजी सचिव श्री अलख दुबे, सांसद प्रतिनिधि श्री अशोक मिश्रा, श्री गणेश सिंह, श्री उपेन्द्र सिंह, श्री प्रयाग विश्वकर्मा, श्री भोला पाण्डेय, श्री पंकज कुमार तिवारी, श्री राकेश पाण्डेय सहित एलिमको के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

