पलामू में SIR-2026 का आयुक्त ने किया निरीक्षण, मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर जोर
SIR को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त- सह- मतदाता सूची प्रेक्षक द्वारा पलामू जिला अंतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों एवं ब्लॉक का भ्रमण कर वास्तविक स्थिति का किया गया पर्यवेक्षण।
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त- सह- मतदाता सूची प्रेक्षक श्रीमती कुमुद सहाय द्वारा बुधवार को पलामू जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की वास्तविक स्थिति का पर्यवेक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने राजकीयकृत मध्य विद्यालय सुदना, पलामू क्लब, नीलांबर-पीतांबर ब्लॉक तथा राजीव गांधी सेवा केंद्र, कुंद्री का भ्रमण किया।
भ्रमण के क्रम में प्रमंडलीय आयुक्त ने संबंधित मतदान केंद्रों पर चल रहे SIR कार्य की प्रगति, मतदाताओं से संबंधित अभिलेखों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर उपस्थित संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है।
उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि SIR कार्य के दौरान आम जनता की ओर से भी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपेक्षित सहयोग प्राप्त हो रहा है। नागरिकों द्वारा आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज उपलब्ध कराने में सक्रिय सहयोग किए जाने से उम्र संबंधी विसंगतियों (उम्र विसंगति) के मामलों का सत्यापन एवं निष्पादन त्वरित गति से किया जा रहा है। इससे SIR कार्य को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने में भी काफी मदद मिल रही है।
आयुक्त ने पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने पाया कि संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी पूरी तत्परता, गंभीरता एवं व्यवस्थित कार्यप्रणाली के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। कार्यों के संचालन एवं अभिलेखों के संधारण में भी आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं।
भ्रमण के दौरान एन.डि.सी पलामू, सी.ओ. सदर, बी.डी.ओ. सदर, ए.आर.ओ. पलामू पदाधिकारी एवं कर्मीगण उपस्थित रहे।

