शिक्षक दिवस पर गुरुजनों के सम्मान एवं श्रद्धा को समर्पित तथा बेटे के जन्मदिन की खुशी में किया रक्तदान
शिक्षक दिवस पर गुरुजनों के सम्मान एवं श्रद्धा को समर्पित तथा बेटे के जन्मदिन की खुशी में किया रक्तदान।
पूर्व सैनिक बृजेश कुमार शुक्ला एवं पत्नी संजू शुक्ला ने किया रक्तदान, समाज को दिया सेवा का संदेश।
शिक्षक दिवस के अवसर पर गुरुजनों के प्रति सम्मान, श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए पूर्व सैनिक बृजेश कुमार शुक्ला एवं उनकी पत्नी श्रीमती संजू शुक्ला ने अपने बड़े पुत्र खुशहाल शुक्ला के जन्मदिन की खुशी को रक्तदान के रूप में समर्पित किया। दोनों ने रक्तदान कर समाज के सामने सेवा, समर्पण एवं मानवता की मिसाल पेश की। इस अवसर पर पूर्व सैनिक बृजेश कुमार शुक्ला ने कहा कि गुरु हमारे जीवन के वास्तविक मार्गदर्शक होते हैं। आज हम जिस मुकाम पर हैं, उसमें हमारे गुरुजनों की शिक्षा, संस्कार एवं आशीर्वाद का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि उनके पिता भी शिक्षक रहे हैं, इसलिए शिक्षक दिवस उनके लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि बेटे के जन्मदिन की खुशी को केवल व्यक्तिगत उत्सव तक सीमित रखने के बजाय रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के माध्यम से जरूरतमंदों के जीवन से जोड़ना उनके परिवार के लिए गर्व का विषय है। रक्त की हर एक बुंद किसी अनजान व्यक्ति के जीवन में आशा की किरण एवं परिवार में खुशियां लौटा सकती है। श्रीमती संजू शुक्ला ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे सरल एवं महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए, ताकि जरूरत के समय किसी की जान बचाई जा सके।
इस अवसर पर पूर्व सैनिक बृजेश कुमार शुक्ला, श्रीमती संजू शुक्ला, अनुपम तुल्सयान, खुशी शुक्ला, खुशहाल शुक्ला, विकास तिवारी, पंकज तिवारी, आशुतोष तिवारी, रोशन मिश्रा, ओम श्रीवास्तव, धैर्य सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

