गिरिडीह में 22-23 सितंबर को होगा श्री श्याम प्रभु का 47वां वार्षिक महोत्सव

गिरिडीह में 22-23 सितंबर को होगा श्री श्याम प्रभु का 47वां वार्षिक महोत्सव

गिरिडीह। श्री श्याम सेवा मंडल (रजि.), गिरिडीह की ओर से श्री श्याम प्रभु खाटू वाले का 47वां वार्षिक महोत्सव 22 एवं 23 सितंबर 2026 को श्री महावीर कुटिया मंदिर प्रांगण, कुटिया रोड, रामबाग में श्रद्धा और भक्ति के साथ आयोजित किया जाएगा। 22 सितंबर को सुबह 9 से 11 बजे तक बाबा की ज्योत प्रज्ज्वलित की जाएगी। इसके बाद दोपहर 2:15 बजे भव्य निशान एवं पालकी शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी श्रद्धालु शामिल होंगे।

22 सितंबर की रात से 23 सितंबर तक अखंड भजन-कीर्तन का आयोजन होगा। इसमें जयपुर के अमित नामा, गिरिडीह के आकाश परिचय, कोलकाता के अभिषेक सिंघल और सोनभद्र के संजीव शर्मा भजनों की प्रस्तुति देंगे। संगीत संयोजन शिवम म्यूजिकल ग्रुप, कोलकाता और रॉकी म्यूजिकल ग्रुप, देवघर द्वारा किया जाएगा। महोत्सव में बाबा का भव्य श्रृंगार, भव्य दरबार और अखंड ज्योत मुख्य आकर्षण होंगे। श्रद्धालुओं के लिए सवामणी एवं छप्पन भोग की भी व्यवस्था रहेगी।

श्री श्याम सेवा मंडल ने श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी लोगों से परिवार और इष्ट-मित्रों के साथ अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बाबा के दर्शन और भजन-कीर्तन का लाभ लेने की अपील की है। आयोजन को लेकर समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं। महोत्सव के दौरान रामबाग क्षेत्र श्याम भजनों और जयकारों से भक्तिमय नजर आएगा।