गिरिडीह में साइबर अपराधी गिरफ्तार, फर्जी बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम निकालने का आरोप
गिरिडीह में साइबर अपराधी गिरफ्तार, फर्जी बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम निकालने का आरोप
गिरिडीह। साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गिरिडीह पुलिस ने एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि मारुति डिजायर कार संख्या JH10CK-8807 से एक साइबर अपराधी ठगी की रकम लेने गिरिडीह आ रहा है। सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने छापेमारी दल गठित किया। पु0नि0 रामेश्वर भगत के नेतृत्व में टीम ने संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की और आरोपी दीपक मंडल, उम्र 26 वर्ष, निवासी भेलोईबी, थाना मनियाडीह, जिला धनबाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड, डिजायर कार, 20 हजार रुपये नकद, दो एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने फर्जी बैंक खाते खुलवाकर उन्हें साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की है। इन खातों में साइबर ठगी की रकम मंगाई जाती थी, जिसके बाद कमीशन के आधार पर रकम निकाली जाती थी। पुलिस के अनुसार आरोपी का पहले से भी साइबर अपराध का इतिहास रहा है और धनबाद साइबर थाना में उसके खिलाफ वर्ष 2021 के दो मामले दर्ज हैं। इस मामले में साइबर थाना गिरिडीह में कांड संख्या 28/2026, दिनांक 3 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और फर्जी बैंक खातों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

