इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन ने शिक्षक दिवस पर किया शिक्षकों का भव्य सम्मान

इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन ने शिक्षक दिवस पर किया शिक्षकों का भव्य सम्मान

गिरिडीह। इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन की ओर से होटल अशोका इंटरनेशनल में शिक्षक दिवस समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन तथा महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

क्लब प्रेसिडेंट राखी झुनझुनवाला ने स्वागत संबोधन में अतिथियों एवं शिक्षकों का अभिनंदन करते हुए शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों डॉ. गीता डे, सेवानिवृत्त प्राचार्या, आर.के. महिला कॉलेज; डॉ. अनुज कुमार, प्राचार्य एवं हिंदी विभागाध्यक्ष, श्री आर.के. महिला कॉलेज गिरिडीह; डॉ. कुमकुम प्रसाद, सेवानिवृत्त हेडमिस्ट्रेस; अनीता सिन्हा, प्रधानाध्यापिका, हनी होली ट्रिनिटी स्कूल तथा चंदन पांडे, शिक्षक को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों का परिचय शशी जैन ने प्रस्तुत किया।

सम्मानित शिक्षकों को खड़ाऊँ प्रिंट वाले सुंदर शॉल ओढ़ाकर पुष्पगुच्छ, पौधे, उनके नाम अंकित स्मृति-चिह्न तथा एसोसिएशन प्रेसिडेंट की ओर से प्राप्त विशेष प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर क्लब से जुड़े शिक्षा क्षेत्र के शिक्षक सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। इनमें अजीत कौर (सेवानिवृत्त प्राचार्या, गुरु नानक विद्यालय), सुषमा सिन्हा (सेवानिवृत्त शिक्षिका, सीसीएल डीएवी), पूनम प्रकाश सहाय (पूर्व शिक्षिका, कार्मेल स्कूल), शबाना रब्बानी (सेवानिवृत्त वाइस प्रिंसिपल, सीसीएल डीएवी), राखी झुनझुनवाला (शिक्षिका, कार्मेल स्कूल), संगीता सिन्हा (शिक्षिका, बीएसएम स्कूल), शमा प्रवीण (प्रिंसिपल, पचंबा गर्ल्स हाई स्कूल) तथा नमिता जमुआर (शिक्षिका, ब्लूमिंग बड्स स्कूल) शामिल रहीं।

पीडीसी पूनम सहाय के मार्गदर्शन में ‘ज्ञान की ज्योति’ की भावपूर्ण प्रस्तुति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। सम्मानित शिक्षकों ने कैंडल प्रज्ज्वलित की और उसी ज्योति से क्लब सदस्यों ने अपनी कैंडल जलाकर अपने गुरुओं से ज्ञान, प्रेरणा और सकारात्मक ऊर्जा की ज्योति ग्रहण की। इस प्रस्तुति के माध्यम से संदेश दिया गया कि “शिक्षक स्वयं दीपक की तरह जलकर अनेक जीवन को ज्ञान की रोशनी से प्रकाशित करता है।”

सेक्रेटरी संगीता सिन्हा, नमिता जमुआर, एडिटर शमा प्रवीण, शशी जैन, तनुजा भूषण, तनुजा सहाय, मीना गुप्ता, रश्मि गुप्ता एवं सोनाली तर्वे सहित क्लब सदस्यों ने “गुरु ब्रह्मा, गुरु विष्णु…” की भावना तथा गुरु के विभिन्न गुणों पर आधारित दो-दो पंक्तियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।

अंत में वाइस प्रेसिडेंट स्मृति आनंद ने समापन संबोधन एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने सभी सम्मानित शिक्षकों, अतिथियों एवं क्लब सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। गुरु के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और ज्ञान की ज्योति को आगे बढ़ाने के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ ।

You may have missed