तीन महीने से राशन नहीं मिलने का आरोप, ग्रामीणों ने डीलर के खिलाफ खोला मोर्चा

तीन महीने से राशन नहीं मिलने का आरोप, ग्रामीणों ने डीलर के खिलाफ खोला मोर्चा

गांडेय (गिरिडीह)। गांडेय प्रखंड के उदयपुर पंचायत के चुटियाडीह गांव में संचालित रोनक एसएचजी के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि डीलर द्वारा पिछले तीन महीने से कार्डधारियों के बीच राशन का वितरण नहीं किया गया है। इसको लेकर करीब 100 ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अशोक राणा को सौंपा गया।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राशन वितरण के नाम पर कार्डधारियों को बुलाकर उनका अंगूठा लगवा लिया जाता है, लेकिन राशन नहीं दिया जाता। राशन मांगने पर डीलर द्वारा ब्लॉक से चावल नहीं आने की बात कहकर टाल दिया जाता है। गुरुवार को कई कार्डधारी प्रखंड परिसर पहुंचकर रोनक एसएचजी से नाम हटाकर चंपा एसएचजी में नाम जोड़ने की मांग की। शिकायत के बाद एमओ ने दुकान की जांच कर ग्रामीणों से भी पूछताछ की। एमओ अशोक राणा ने कहा कि जांच में मिली गड़बड़ियों के आधार पर डीलर के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बताया गया कि दो माह पूर्व भी राशन वितरण को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद ग्रामीण ई-पॉश मशीन ब्लॉक कार्यालय ले आए थे। आवेदन में रीमा मरांडी, शांति मुर्मू, बड़की हांसदा, मोनिका देवी, गुलाबी देवी, हेमो देवी, छोटकी देवी, विनोद मोहली, दुर्गा हेम्ब्रम, हरिलाल मुर्मू समेत अन्य ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।

You may have missed