झारखंड के थानों में CCTV लगाने में देरी पर हाईकोर्ट नाराज, DGP को कारण बताओ नोटिस

रांची से बड़ी खबर है। झारखंड हाईकोर्ट ने राज्य के सभी पुलिस थानों में CCTV कैमरे लगाने के अपने बार-बार दिए गए निर्देशों का पालन नहीं होने पर कड़ी नाराजगी जताई है।

मंगलवार को चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए पुलिस अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। अदालत ने कहा कि थानों में CCTV कैमरे लगाने को लेकर अधिकारियों की गंभीरता और रुचि दिखाई नहीं दे रही है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए हाईकोर्ट ने वर्तमान DGP तदाशा मिश्रा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अदालत ने पूछा है कि न्यायालय के आदेश का पालन नहीं करने के मामले में उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए।

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से टेंडर रद्द होने समेत कई कारण अदालत के सामने रखे गए, लेकिन हाईकोर्ट इन दलीलों से संतुष्ट नहीं हुआ।

अब मामले की अगली सुनवाई 24 सितंबर को होगी। कोर्ट के इस रुख के बाद पुलिस थानों में CCTV लगाने की प्रक्रिया को लेकर प्रशासन पर दबाव और बढ़ गया है।