एक सप्ताह से अंधेरे में रामपुर, विभाग ने लगाया पुराना ट्रांसफार्मर; चार्ज होते ही जल गया
एक सप्ताह से अंधेरे में रामपुर, विभाग ने लगाया पुराना ट्रांसफार्मर; चार्ज होते ही जल गया
महुआडांड़। प्रखंड क्षेत्र के रामपुर गांव में पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव में लगा ट्रांसफार्मर खराब हो जाने के बाद ग्रामीण लगातार बिजली बहाली की उम्मीद लगाए बैठे थे।
इसी बीच बिजली विभाग की ओर से सूचित प्रसाद के घर के सामने एक पुराना ट्रांसफार्मर लगाया गया। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि इससे जल्द बिजली आपूर्ति बहाल हो जाएगी। लेकिन ट्रांसफार्मर को चार्ज करने के दौरान ही कुछ देर में वह जल गया। इसके बाद बिजली बहाली की उम्मीद एक बार फिर अधर में लटक गई।
घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि जब गांव में पहले से ही बिजली संकट है, तो पुराने और खराब ट्रांसफार्मर के भरोसे समस्या का समाधान कैसे होगा।
ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि पिछले एक सप्ताह से अंधेरे में रहने के कारण बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और अन्य जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे विभाग के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

