करोड़ों की लागत से बनी नेतरहाट पार्क रोड में आई दरारें, बारिश में बढ़ा हादसे का खतरा

करोड़ों की लागत से बनी नेतरहाट पार्क रोड में आई दरारें, बारिश में बढ़ा हादसे का खतरा

नेतरहाट। झारखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नेतरहाट में भारी बारिश के बीच करोड़ों रुपये की लागत से हाल के दिनों में बनाई गई नेतरहाट पार्क रोड में जगह-जगह दरारें आने का मामला सामने आया है। सड़क निर्माण को ज्यादा समय नहीं बीता है, लेकिन सड़क की सतह पर दरारें पड़ने से निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

बारिश के कारण सड़क पर पानी का दबाव बढ़ रहा है, जिससे दरारों के और चौड़ा होने की आशंका बनी हुई है। नेतरहाट घूमने पहुंच रहे पर्यटक भी सड़क की स्थिति को देखकर चिंतित हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की तकनीकी जांच और आवश्यक मरम्मत नहीं कराई गई, तो सड़क का कोई हिस्सा क्षतिग्रस्त या धंस सकता है और इससे बड़ा हादसा हो सकता है।

करोड़ों खर्च के बाद भी सड़क में दरार, जिम्मेदार कौन?

ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब सड़क निर्माण पर सरकारी खजाने से करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं और निर्माण को अधिक समय भी नहीं हुआ, तो इतनी जल्दी सड़क में दरारें कैसे आ गईं। लोगों ने सड़क निर्माण में इस्तेमाल सामग्री, सड़क की मोटाई, बेस और निर्माण की गुणवत्ता की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नेतरहाट सिर्फ ग्रामीणों की आवाजाही का मार्ग नहीं, बल्कि लातेहार जिले का प्रमुख पर्यटन क्षेत्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति पर्यटकों और स्थानीय लोगों दोनों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।

बारिश में बढ़ा दुर्घटना का खतरा

भारी बारिश के बीच सड़क पर पानी जमा होने और दरारें बढ़ने से वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि सड़क का कोई हिस्सा अचानक धंसने या टूटने से बड़ी दुर्घटना हो सकती है। रात के समय यह खतरा और भी गंभीर हो सकता है।

ग्रामीणों ने लातेहार उपायुक्त से मामले का संज्ञान लेते हुए सड़क की उच्चस्तरीय जांच कराने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी व जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि नेतरहाट की पहचान प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन के लिए है। ऐसे में करोड़ों की लागत से बनी सड़क यदि कुछ ही समय में दरारों का शिकार हो रही है, तो यह सरकारी राशि के इस्तेमाल और निर्माण गुणवत्ता दोनों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लोगों ने बरसात के दौरान संभावित हादसे को रोकने के लिए सड़क की तत्काल जांच और आवश्यक सुधार कार्य कराने की मांग की है।