राहुल गांधी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा, कांग्रेस ने जताया विरोध

राहुल गांधी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा, कांग्रेस ने जताया विरोध

कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना ने डीजीपी को भेजा ज्ञापन, केस वापस लेने की मांग

देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी में एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किए जाने के बाद कांग्रेस ने इसका विरोध तेज कर दिया है। कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना ने मामले को राजनीतिक षड्यंत्र बताते हुए उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को ज्ञापन भेजकर मुकदमा तत्काल वापस लेने की मांग की है।

ज्ञापन में धस्माना ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा तथ्यों पर आधारित नहीं है और इसे राजनीतिक उद्देश्य से दर्ज कराया गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष समीक्षा करने तथा मुकदमा वापस लेने की मांग की।

कांग्रेस नेता ने कहा कि राहुल गांधी लगातार सामाजिक न्याय, संविधान और वंचित वर्गों के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाते रहे हैं। ऐसे में उनके खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया जाना उचित नहीं है।

धस्माना ने डीजीपी से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए प्राथमिकी की समीक्षा करने और इसे वापस लेने की मांग की। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो पार्टी की ओर से विरोध को और तेज किया जाएगा।