आहर में डूबने से दो सगे भाई-बहन की मौत, खेत में काम करते रहे पिता
आहर में डूबने से दो सगे भाई-बहन की मौत, खेत में काम करते रहे पिता
नहाने के दौरान पैर फिसलने से गहरे पानी में गए दोनों बच्चे, गांव में पसरा मातम
नौडीहा बाजार/पप्पू यादव। पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के मुनकेरी गांव के परवाटांड़ टोला में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। आहर में नहाने गए दो सगे भाई-बहन की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।
मृतकों की पहचान सना परवीन (10) और मो. अवैस रजा (9), पिता रहमत अली, निवासी मुनकेरी के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे रहमत अली परवाटांड़ स्थित अपने खेत में धान की रोपनी कर रहे थे। दोनों बच्चे भी पिता के साथ खेत पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों खेलते-खेलते पास स्थित आहर में नहाने चले गए। बताया गया कि बारिश के कारण इस वर्ष आहर में पानी अधिक भरा हुआ था और किनारे पर फिसलन भी थी।
नहाने के दौरान अचानक दोनों बच्चों का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों को तैरना नहीं आता था। बच्चों को डूबता देख खेत में काम कर रहे कुछ मजदूरों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण आहर के पास पहुंचे और बचाव के लिए पानी में उतर गए।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बच्चों की मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक का माहौल है।
ग्रामीणों ने की आहर की घेराबंदी की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव के खतरनाक आहरों और जलाशयों की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त आहर काफी पुराना और गहरा है। इसके आसपास न तो सुरक्षा के लिए घेराबंदी की गई है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे सभी खतरनाक आहरों एवं जलाशयों को चिह्नित कर वहां घेराबंदी और चेतावनी बोर्ड की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

