सरकारी संस्थानों में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद

सरकारी संस्थानों में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद

पूर्व पंचायत समिति सदस्य समेत दो गिरफ्तार, ब्लॉक, स्कूल व पंचायत भवनों को बनाते थे निशाना

नौडीहा बाजार/पप्पू यादव। पलामू पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत छतरपुर पुलिस अनुमंडल क्षेत्र में पुलिस को एक और सफलता मिली है। नौडीहा बाजार थाना पुलिस ने सरकारी संस्थानों में चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर बड़ी मात्रा में चोरी के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समेत अन्य सामान बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नामुदाग निवासी अवधेश कुमार भुइयां (35) और जवाड़ निवासी अमोद भुइयां (30) के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि बरामद सामानों की कीमत करीब 50 लाख रुपये है।

पलामू एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार को सूचना मिली कि नामुदाग निवासी अवधेश कुमार भुइयां के घर में चोरी का सामान रखा गया है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी छतरपुर प्रशांत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 30 अगस्त 2026 को नामुदाग पहुंचकर घर की घेराबंदी की और विधिवत तलाशी ली।

घर से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस ने घर से कंप्यूटर, प्रिंटर, CPU, लैपटॉप, इन्वर्टर, बैटरी, होम थिएटर, लेमिनेशन मशीन सहित बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अन्य सामान बरामद किए।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अवधेश कुमार भुइयां ने बताया कि वर्ष 2010 में पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित होने के बाद उसका विभिन्न सरकारी संस्थानों, विशेषकर प्रखंड कार्यालय, स्कूल एवं अन्य सरकारी भवनों में नियमित आना-जाना था। वर्ष 2015 के पंचायत चुनाव में सीट महिला के लिए आरक्षित होने के बाद उसकी पत्नी चुनाव मैदान में उतरी, लेकिन चुनाव हार गई। इसके बाद उसके पास नियमित काम नहीं रहा।

पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान उसने अपने साला अमोद भुइयां के साथ मिलकर सरकारी संस्थानों में चोरी की योजना बनाई। दोनों कथित रूप से रात के समय विभिन्न स्थानों के ताले तोड़कर कंप्यूटर, प्रिंटर, CPU और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी करते थे।

कई सरकारी संस्थानों में चोरी का खुलासा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में छतरपुर प्रखंड कार्यालय, छतरपुर विद्युत कार्यालय, पाटन प्रखंड कार्यालय, नौडीहा बाजार प्रखंड कार्यालय, नावाटांड़ पंचायत सचिवालय, नौडीहा बाजार की एक फोटो कॉपी दुकान और नामुदाग हाई स्कूल सहित कई स्थानों से चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर घर के अलावा अन्य स्थानों से भी चोरी का सामान बरामद किया गया है। बरामद सामानों में 13 प्रिंटर, एक Acer लैपटॉप, एक Acer ऑल-इन-वन कंप्यूटर, Dell और Lenovo CPU, Acer मॉनिटर, दो इन्वर्टर, एक 200 AH बैटरी, होम थिएटर, लेमिनेशन मशीन, लैपटॉप माउस व चार्जर, गैस सिलेंडर, मूविंग चेयर तथा तीन मोटरसाइकिल शामिल हैं।

प्राथमिकी दर्ज, अनुसंधान जारी

इस मामले में नौडीहा बाजार थाना कांड संख्या 83/26, दिनांक 30 अगस्त 2026 के तहत धारा 303(2)/317(2)/317(4)/3(5) BNS के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है तथा चोरी के अन्य मामलों और संभावित संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।

छापेमारी दल

छापेमारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी छतरपुर प्रशांत कुमार, नौडीहा बाजार थाना प्रभारी पु.अ.नि. नीरज कुमार, पु.अ.नि. मनोज कुमार सिंह, स.अ.नि. राजेश बैठा तथा नौडीहा बाजार थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।