आरक्षण में सुधार की मांग को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने जेपी नड्डा से की मुलाकात
नई दिल्ली में आज (गुरुवार को) केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और आरक्षण में रिफॉर्म को लेकर बीते 21 अगस्त को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन आयोजित करने वाली टीम के लोगों ने मुलाकात की। दोनों ही पक्षों ने इस मुलाकात को सौहार्दपूर्ण बताया और ये भी कहा गया कि अगली मुलाकात 7 सितंबर को होगी। इस मीटिंग को लेकर जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया, ’21 अगस्त को जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन के उपरांत पूर्व निर्धारित समय के अनुसार हर्ष दुबे, रण बहादुर सिंह चौहान व मृत्युंजय पाठक, टीम के सदस्यों से सौहार्दपूर्ण वार्ता हुई। इस क्रम में हम शीघ्र ही फिर मिलेंगे।’ साथ ही, हर्ष दुबे ने पोस्ट किया, ‘सर्व समाज के हित में सकारात्मक पहल। आज हमारी टीम ने जेपी नड्डा से मुलाकात की। इस दौरान 21 अगस्त को हुए प्रदर्शन के संबंध में उनसे संक्षिप्त चर्चा हुई। यह मुलाकात संवाद की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हम बहुत जल्द पुनः मुलाकात करेंगे और सर्व समाज के हित में एक सकारात्मक एवं न्यायसंगत निर्णय के साथ आगे बढ़ने का प्रयास करेंगे।’

