विकसित भारत युवा कनेक्ट–स्पोर्ट्स एडिशन कार्यक्रम में युवाओं ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प
विकसित भारत युवा कनेक्ट–स्पोर्ट्स एडिशन कार्यक्रम में युवाओं ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प
आज राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार एवं मेरा युवा भारत के संयुक्त तत्वावधान में ए.के. सिंह कॉलेज, जपला, पलामू में “विकसित भारत युवा कनेक्ट–स्पोर्ट्स एडिशन” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला सांसद प्रतिनिधि श्री विजय ओझा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में कॉलेज के सचिव श्री प्रफुल्ल कुमार सिंह, प्राचार्य, प्रोफेसरगण, प्रबुद्धजन तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस, राष्ट्र निर्माण तथा विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना रहा।
मुख्य अतिथि जिला सांसद प्रतिनिधि ने अपने संबोधन में कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से खेल एवं शिक्षा के साथ-साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं के साथ खेल, फिटनेस एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद एवं विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा खेलों के माध्यम से अपने व्यक्तित्व एवं प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में कॉलेज के सचिव श्री प्रफुल्ल कुमार सिंह सहित प्राचार्य, शिक्षकगण, प्रबुद्धजन एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं के बीच “Sports for Health, Sports for Values, and Sports for Nation-Building” का संदेश पहुंचाया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया गया।

