जमशेदपुर में राष्ट्रीय महिला फुटबॉल फेडरेशन की वार्षिक आमसभा, नए पदाधिकारियों का चुनाव
जमशेदपुर में राष्ट्रीय महिला फुटबॉल फेडरेशन की वार्षिक आम सभा सम्पन्न
जमशेदपुर, झारखंड: राष्ट्रीय महिला फुटबॉल फेडरेशन की वार्षिक सामान्य सभा की बैठक जमशेदपुर में पूरे हर्षोल्लास एवं गरिमामय माहौल में आयोजित की गई। इस ऐतिहासिक बैठक में देश भर के लगभग 500 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। पूरे भारत के सभी राज्यों से आए पदाधिकारियों एवं खिलाड़ियों ने सर्वसम्मति से नए राष्ट्रीय नेतृत्व का चुनाव किया।
सभा में मोहम्मद कासिम अंसारी जी को सर्वसम्मति से फेडरेशन का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। वहीं सुश्री गुंजन सिंह जी को राष्ट्रीय चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंपी गई। झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता एवं झारखंड आंदोलनकारी मोहम्मद मोइनुद्दीन जी को सर्वसम्मति से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
इसी क्रम में विश्रामपुर विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी एवं जनप्रिय नेता सुधीर कुमार चंद्रवंशी जी को राष्ट्रीय महिला फुटबॉल फेडरेशन का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनके नाम की घोषणा होते ही पूरे सभागार में तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया गया।
बैठक में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को अंगवस्त्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। सभी राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने एक स्वर में फेडरेशन को मजबूत करने का संकल्प लिया। सभा में निर्णय लिया गया कि बहुत जल्द झारखंड की धरती पर राष्ट्रीय महिला फुटबॉल फेडरेशन के तत्वावधान में एक बहुत बड़े राष्ट्रीय स्तर के आयोजन का आयोजन किया जाएगा, जिसकी तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
गुंजन सिंह ने कहा – “आधी आबादी को खेल के प्रति जागरूक करना मेरी पहली प्राथमिकता है। महिला फुटबॉल सिर्फ खेल नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण का सबसे बड़ा माध्यम है। मेरा लक्ष्य इस खेल को गांव-गांव, टोला-टोला तक ले जाना है। झारखंड की बेटियों में अपार प्रतिभा है, उन्हें सही मंच और प्रशिक्षण देकर हम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाएंगे। हर जिले में महिला फुटबॉल अकादमी और शिविर लगाए जाएंगे।”
सुधीर कुमार चंद्रवंशी ने कहा – “राष्ट्रीय महिला फुटबॉल फेडरेशन के प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में मुझे जो जिम्मेदारी दी गई है, उसके लिए मैं राष्ट्रीय नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। विश्रामपुर सहित पूरे पलामू प्रमंडल में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। हमारा प्रयास रहेगा कि ग्रामीण क्षेत्र की बच्चियों को खेल से जोड़ा जाए। मैं सर्वधर्म, सभी जाति-धर्म के लोगों को साथ लेकर खेल के विकास के लिए हमेशा कदम से कदम मिलाकर चलूंगा। झारखंड में होने वाला आगामी राष्ट्रीय आयोजन ऐतिहासिक होगा और इससे हमारे राज्य की बेटियों को नई पहचान मिलेगी। मैं सभी के सुख-दुख में खड़ा रहने वाला व्यक्ति हूं और इस खेल परिवार के लिए भी सदैव समर्पित रहूंगा।”

