सतबरवा में निर्माण साइट पर फायरिंग, दो मजदूरों को लगी गोली; राहुल दुबे गैंग का पर्चा बरामद

सतबरवा में निर्माण साइट पर फायरिंग, दो मजदूरों को लगी गोली; राहुल दुबे गैंग का पर्चा बरामद

पलामू। जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के रजडेरवा में नेशनल हाईवे निर्माण साइट पर गुरुवार देर रात फायरिंग की घटना सामने आई है। घटना में दो मजदूर गोली लगने से घायल हो गए। घायल मजदूरों की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी अजय हांसदा और संजय हांसदा के रूप में हुई है।

घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे और कथित तौर पर राहुल दुबे गिरोह से जुड़ा एक पर्चा बरामद किया है। अजय हांसदा के पैर और संजय हांसदा के पेट में गोली लगी है। दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई गई। बेहतर इलाज के लिए दोनों को रांची स्थित RIMS रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पलामू एसपी कपिल चौधरी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेते हुए जांच शुरू की। एसपी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है और अपराधियों की तलाश में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस फायरिंग के कारणों और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।