खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ झामुमो महिला मोर्चा ने किया आंदोलन का ऐलान,

खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ झामुमो महिला मोर्चा ने किया आंदोलन का ऐलान,

कहा- सड़क पर डाल देंगे डेरा एक ढेला खनिज नहीं जाएगा बाहर

केन्द्र सरकार के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 को लेकर झारखंड में राजनीतिक विरोध तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में गिरिडीह जिला कार्यालय में झामुमो महिला मोर्चा की बैठक प्रमिला कुमारी के नेतृत्व में मंगलवार को सम्पन्न हुई, जिसमें केंद्र सरकार द्वारा दोनों सदनों में पारित खनिज संशोधन विधेयक को लेकर कड़ा विरोध जताया गया। विदित हो कि जेएमएम की ओर से राज्यव्यापी आंदोलन की तैयारी की जा रही है। इधर अब महिला मोर्चा ने भी आन्दोलन का एलान कर दिया।
बैठक में महिला मोर्चा की नेत्रियों ने आरोप लगाया कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और यहां के प्राकृतिक संसाधनों पर स्थानीय लोगों के अधिकारों की रक्षा जरूरी है। महिला नेताओं ने केंद्र सरकार पर झारखंड के खनिज और आर्थिक हितों को प्रभावित करने वाला कानून लाने का आरोप लगाते हुए इसे वापस लेने की मांग की।
महिला मोर्चा की नेत्रियों ने कहा कि खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ महिलाएं चरणबद्ध आंदोलन करेंगी। जरूरत पड़ने पर सड़क पर डेरा डंडी डाल दिया जाएगा और झारखंड से बाहर एक ढेला खनिज बाहर नहीं जाने दिया जाएगा। कहा कि झारखंड की खनिज संपदा से मिलने वाले राजस्व का उपयोग राज्य के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं में होता है, इसलिए राज्य के अधिकारों को कमजोर करने वाला कोई भी कदम झारखंड की महिलाओं को स्वीकार नहीं है।
महिला नेत्रियों ने कहा कि “ महिलाऐं दुर्गा और काली का रूप धारण कर सड़क पर जब आ जायेंगी तो वह आन्दोलन कैसा होगा ये मोदी सरकार को अंदाजा नहीं है ? बैठक में महिलाओं ने केन्द्र सरकार के खिलाफ नारा लगाकर विरोध जताया। खनिज संशोधन विधेयक वापस लो, काला कानून वापस लो, झारखंडियों का हक अधिकार छीनना बंद करो, झारखंड की महिलाओं का हक अधिकार छीनना बंद करो। तानाशाही बंद करो, मित्रों को रेवड़ी बांटना बंद करो। आदि कई नारे महिलाओं द्वारा लगाए गए और जोरदार विरोध किया गया।
उन्होंने कृषि कानूनों के खिलाफ हुए आंदोलन को याद दिलाते हुए कहा कि झारखंड भी अपने हक अधिकार के लिए लगेगा और ये विधेयक केन्द्र सरकार को वापस लेना पड़ेगा।
गौरतलब है कि जेएमएम ने इस मुद्दे पर राज्य स्तर पर आंदोलन की रणनीति बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने 20 अगस्त को रांची में विस्तारित केंद्रीय समिति की बैठक भी बुलाई है, जिसमें खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन की रूप रेखा पर चर्चा प्रस्तावित है।
जेएमएम महिला मोर्चा ने स्पष्ट किया कि खनिज संपदा और राज्य के अधिकारों के मुद्दे पर उनका विरोध आगे भी जारी रहेगा।
मौके पर मेयर प्रमिला मेहरा, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, प्रमिला कुमारी, आशा देवी, प्रीति भास्कर , अंजली मुर्मू, पूजा मुर्मू , निखत प्रवीण, तमन्ना प्रवीण, रोशन आरा, डोली कुमारी, कुसुम कुमारी, सोनी कुमारी, विरमा देवी, सावित्री देवी, ज्योति कुमारी सहित कई महिलाएं मौजूद थीं।