झारखंड बंद पर JMM का हमला, संजय सिंह बोले- भाजपा की अराजकता फैलाने की साजिश फेल

झारखंड बंद पर JMM का हमला, संजय सिंह बोले- भाजपा की अराजकता फैलाने की साजिश फेल

गिरिडीह। छात्र आंदोलन को लेकर झामुमो गिरिडीह जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधा है। मंगलवार को गिरिडीह सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन की आड़ में भाजपा द्वारा अराजकता फैलाने की कोशिश की गई, जिसे जनता ने पूरी तरह नकार दिया।

संजय सिंह ने दावा किया कि सरकार ने छात्रों की करीब 98 प्रतिशत मांगें मान ली थीं और छात्र संगठनों के साथ लगातार बातचीत की जा रही थी। उन्होंने कहा कि आंदोलन से जुड़ी सभी मांगों और विषयों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया जा रहा था। उनके मुताबिक सरकार छात्रों की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर थी।

झामुमो जिलाध्यक्ष ने भाजपा पर आंदोलन का माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल से लोगों को बुलाकर उपद्रव कराने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा की गतिविधियों के कारण शांतिपूर्ण आंदोलन का स्वरूप बिगड़ा और मामला अराजकता की ओर बढ़ा।

वहीं झारखंड बंद को लेकर संजय सिंह ने दावा किया कि बंद पूरी तरह विफल रहा और इसे छात्रों के साथ-साथ आम जनता का भी समर्थन नहीं मिला। प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिरिडीह की महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार, झामुमो जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, अभय सिंह समेत कई पार्टी नेता मौजूद रहे।