झारखंड बंद का गिरिडीह में जोरदार असर, स्कूल-कॉलेज बंद; बोर्ड परीक्षार्थियों को मिली राहत
झारखंड बंद का गिरिडीह में जोरदार असर, स्कूल-कॉलेज बंद; बोर्ड परीक्षार्थियों को मिली राहत
गिरिडीह। विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा द्वारा बुलाए गए झारखंड बंद का असर गिरिडीह जिले में भी देखने को मिला। शहर के कई स्कूल और शिक्षण संस्थान बंद रहे। सुबह स्कूल पहुंचे विद्यार्थियों को बंद की जानकारी देकर वापस घर भेज दिया गया। हालांकि बोर्ड परीक्षार्थियों को विशेष राहत दी गई और परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे विद्यार्थियों को परीक्षा देने की अनुमति दी गई।
गिरिडीह के कार्मेल स्कूल, गुरुनानक स्कूल, रॉयल ग्लोबल स्कूल समेत कई शिक्षण संस्थानों में बंद का असर देखा गया। वहीं जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई और पुलिस अधिकारी लगातार गश्त करते रहे।
बंद के समर्थन में भाजपा कार्यकर्ताओं का जुटान झंडा मैदान में हुआ। यहां से कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में नगर भ्रमण पर निकले और दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की। कार्यकर्ताओं ने टावर चौक, कालीबाड़ी चौक, बड़ा चौक समेत कई स्थानों पर रुककर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कई व्यवसायियों ने भी दुकानें बंद रखकर बंद का समर्थन किया।
झंडा मैदान में भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय, पूर्व जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव, चुन्नू कांत, विनय सिंह, संदीप डोंगाइच, दिलीप वर्मा, सुरेश मंडल, सिकंदर हेंब्रम, प्रो. विनीता कुमारी, शालिनी बेसिकियर, युवा मोर्चा के संजीव कुमार, सिंकु सिंह, दीपक यादव, देवराज, मनोज शंघाई, हरविंदर सिंह बग्गा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फिलहाल गिरिडीह में बंद का असर बरकरार है। कई शिक्षण संस्थान बंद हैं, जबकि बोर्ड परीक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति देकर राहत दी गई है। प्रशासन और पुलिस पूरे जिले में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

