गिरिडीह में शिक्षक मिलन समारोह, 16 सूत्री मांगों पर बनी सहमति; जिला कमिटी का पुनर्गठन

गिरिडीह में शिक्षक मिलन समारोह, 16 सूत्री मांगों पर बनी सहमति; जिला कमिटी का पुनर्गठन

गिरिडीह। सिरिसिया स्थित शगुन विवाह भवन में झारखंड प्रगतिशील शिक्षक संघ की गिरिडीह जिला कमिटी के बैनर तले शिक्षक मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। जिलेभर से सैकड़ों सहायक अध्यापक, सहायक आचार्य और सहायक शिक्षक समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मनोज कुमार यादव ने की, जबकि संचालन राजेंद्र प्रसाद, राजीव रंजन और सदानंद वर्मा ने संयुक्त रूप से किया। मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष आनंद किशोर साहू और झारखंड प्रदेश सहायक अध्यापक महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष नारायण महतो समेत कई शिक्षक नेता व गणमान्य लोग मौजूद रहे।

समारोह में शिक्षकों की समस्याओं और अधिकारों पर गहन चर्चा के बाद 16 सूत्री मांग पत्र सर्वसम्मति से पारित किया गया और मांगों को लेकर सामूहिक संघर्ष का निर्णय लिया गया। साथ ही झारखंड प्रगतिशील शिक्षक संघ की गिरिडीह जिला कमिटी का पुनर्गठन किया गया। मनोज कुमार यादव को जिलाध्यक्ष और राजेंद्र प्रसाद को जिला सचिव बनाया गया। वहीं विभिन्न पदों पर अन्य सदस्यों का चयन किया गया। जमुआ प्रखंड के लिए कुणाल कुमार को प्रभारी प्रखंड अध्यक्ष, सरिया के लिए महेंद्र मंडल को प्रभारी प्रखंड अध्यक्ष और प्रयाग मिस्त्री को प्रखंड सचिव मनोनीत किया गया। जल्द ही जिले के सभी 13 प्रखंडों में कमिटी गठन की बात कही गई। प्रदेश अध्यक्ष आनंद किशोर साहू ने कहा कि संघ शिक्षक हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह समर्पित है और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है।