JPSC-JSSC कथित पेपर लीक के खिलाफ छात्र आंदोलन को भाजयुमो का समर्थन
गिरिडीह। JPSC और JSSC प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक एवं अनियमितताओं के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन को भारतीय जनता युवा मोर्चा ने समर्थन देने की घोषणा की है। शनिवार को नए परिषदन भवन में भाजयुमो जिलाध्यक्ष मिथुन चंद्रवंशी और प्रदेश मंत्री संजीव कुमार ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर आंदोलन की जानकारी दी।
भाजयुमो नेताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं के आरोप सामने आने से परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों में नाराजगी है। उनका कहना है कि इससे मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ता है।
जिलाध्यक्ष मिथुन चंद्रवंशी ने कहा कि छात्रों की मांगों और आंदोलन को भाजयुमो का पूरा समर्थन है। उन्होंने परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदेश मंत्री संजीव कुमार ने बताया कि 10 अगस्त को रांची में विधानसभा घेराव का कार्यक्रम प्रस्तावित है। उन्होंने गिरिडीह से भाजयुमो कार्यकर्ताओं, छात्रों और अभिभावकों से इसमें शामिल होने की अपील की।
भाजयुमो नेताओं ने सरकार से प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए कथित पेपर लीक और अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की, ताकि अभ्यर्थियों का परीक्षा व्यवस्था पर भरोसा कायम रहे।

