नवोदय विद्यालय का डीसी ने किया औचक निरीक्षण, पढ़ाई से लेकर भोजन व्यवस्था तक जांची
गिरिडीह। गांडेय प्रखंड स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय का उपायुक्त रामनिवास यादव ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।
उपायुक्त ने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से पढ़ाई, पाठ्यक्रम की प्रगति और आगामी परीक्षाओं की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों से शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यार्थियों के प्रदर्शन पर भी चर्चा की।
इसके बाद छात्रावास और आवासीय परिसर का निरीक्षण करते हुए स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ-सफाई और रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।
किचेन शेड और भोजन व्यवस्था की जांच के दौरान उपायुक्त ने भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने और भोजन तैयार करने में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजी और सामग्री पंजी समेत विद्यालय के विभिन्न अभिलेखों की भी जांच की गई। उपायुक्त ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता, अनुशासन और मानसिक-बौद्धिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
मौके पर सहायक समाहर्ता यश कुमार, विद्यालय प्रबंधन, पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

