केंद्रीय OBC सूची में बनिया कमलापुरी, जायसवाल, कसौधन व बरनवाल समाज को शामिल करने की मांग, संसद में बोले पलामू सांसद वीडी राम
केंद्रीय OBC सूची में बनिया कमलापुरी, जायसवाल, कसौधन व बरनवाल समाज को शामिल करने की मांग, संसद में बोले पलामू सांसद वीडी राम
पलामू/नई दिल्ली। पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने लोकसभा में नियम 377 के तहत बनिया कमलापुरी, जायसवाल, कसौधन एवं बरनवाल समाज को केंद्रीय अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) सूची में शामिल करने का मामला उठाया। सांसद के निजी सचिव अलख दुबे के अनुसार, वीडी राम ने कहा कि झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में रहने वाले इन समुदायों के अनेक परिवार सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक रूप से पिछड़े हैं। कई राज्यों में इन्हें ओबीसी का दर्जा प्राप्त है, लेकिन केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल नहीं होने के कारण केंद्र सरकार की नौकरियों, केंद्रीय शिक्षण संस्थानों और विभिन्न केंद्रीय कल्याणकारी योजनाओं में मिलने वाले आरक्षण एवं अन्य लाभों से वंचित रहना पड़ रहा है।
सांसद वीडी राम ने केंद्र सरकार से संबंधित राज्य सरकारों और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग से आवश्यक प्रतिवेदन प्राप्त कर इन समुदायों की सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक स्थिति का वस्तुनिष्ठ परीक्षण कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि ये समुदाय निर्धारित मानकों पर खरे उतरते हैं तो इन्हें केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पर सकारात्मक और समयबद्ध निर्णय लिया जाना चाहिए, ताकि केंद्र सरकार की योजनाओं एवं अवसरों का लाभ उन्हें भी मिल सके। सांसद ने इसे सामाजिक न्याय और समान अवसर से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया।

