पलामू में शहरी विकास योजनाओं की DC ने की समीक्षा, अगले माह PM आवास के फ्लैटों में गृह प्रवेश के निर्देश

पलामू में शहरी विकास योजनाओं की DC ने की समीक्षा, अगले माह PM आवास के फ्लैटों में गृह प्रवेश के निर्देश

मेदिनीनगर। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिले के विभिन्न नगर निकायों की विकास योजनाओं और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में वर्टिकल-3 के ब्लॉक-ए और ब्लॉक-डी में तैयार फ्लैटों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अगले माह लाभुकों का गृह प्रवेश सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही चियांकी पार्क और निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम के कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने को कहा।

बैठक में नगर निकाय क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों पर भी विशेष चर्चा हुई। उपायुक्त ने शिकायतों का त्वरित समाधान करने और नागरिकों को सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा एफएसटीपी, सॉलिड एवं लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई, होल्डिंग एवं प्रॉपर्टी टैक्स वसूली, पार्कों के विकास और शहरी आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने अधिकारियों को लंबित विकास कार्यों में तेजी लाने, योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। बैठक में नगर निकायों, जुडको और अर्बन लोकल बॉडी से जुड़े अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।