‘उसरी नदी का पानी फैक्ट्री को नहीं देंगे’, ग्रामीणों की मानव श्रृंखला में शामिल हुए विधायक जयराम महतो

‘उसरी नदी का पानी फैक्ट्री को नहीं देंगे’, ग्रामीणों की मानव श्रृंखला में शामिल हुए विधायक जयराम महतो

गिरिडीह। उसरी नदी से पाइपलाइन के जरिए बालमुकुंद फैक्ट्री को पानी उपलब्ध कराने के प्रस्ताव के विरोध में रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़कों पर उतरे और कई किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया। आंदोलन में डुमरी विधायक जयराम महतो भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उसरी नदी क्षेत्र की जीवनरेखा है और इसका पानी पेयजल, सिंचाई तथा पशुपालन के लिए जरूरी है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि फैक्ट्री को पानी दिए जाने से भविष्य में क्षेत्र में जल संकट बढ़ सकता है।

विधायक जयराम महतो ने ग्रामीणों की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि उसरी नदी का पानी किसी निजी फैक्ट्री को देना स्थानीय लोगों के हित में नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रस्ताव वापस नहीं लिया गया तो व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों के साथ सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोग भी शामिल हुए। ग्रामीणों ने सरकार से प्रस्ताव रद्द करने की मांग करते हुए आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से तेज करने की चेतावनी दी।