पलामू में अड्डेबाजी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 100 से अधिक लोगों को थाने लाकर दी सख्त हिदायत
पलामू। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक अगस्त की रात जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अड्डेबाजी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर अड्डेबाजी कर रहे 100 से अधिक लोगों को पूछताछ के लिए संबंधित थानों में लाया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के बाद सभी संबंधित व्यक्तियों को भविष्य में अड्डेबाजी करने, कानून-व्यवस्था भंग करने या किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि में शामिल नहीं होने की सख्त हिदायत दी गई। समझाने और आवश्यक पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। दोबारा अड्डेबाजी या किसी असामाजिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।











