झारखंड में मानसून फिर सक्रिय, पांच दिनों तक भारी बारिश-वज्रपात का अलर्ट; 6 अगस्त को कई जिले प्रभावित

रांची। झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के विभिन्न हिस्सों में अगले पांच दिनों के दौरान बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवा का असर देखने को मिल सकता है। 3 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। वहीं 4 अगस्त को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़ और बोकारो में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

5 अगस्त को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां सहित कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। 6 अगस्त को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, गुमला और खूंटी में भारी बारिश का अनुमान है। मौसम में बदलाव के कारण अगले 24 घंटे के बाद अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना भी जताई गई है।

राजधानी रांची में 8 अगस्त तक आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने वज्रपात और तेज हवा की संभावना को देखते हुए लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।