सकलदीपा से दो नाबालिग बच्चियों के अपहरण का मामला, एक आरोपी गिरफ्तार; विधायक ने सुरक्षित बरामदगी की उठाई मांग
मेदिनीनगर (पलामू)। पांकी थाना क्षेत्र के सकलदीपा उरांव टोला से दो नाबालिग बच्चियों के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। रविवार को पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस से बच्चियों की जल्द सुरक्षित बरामदगी तथा फरार आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। विधायक के अनुसार मामले में एक आरोपी को पुलिस गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है।
विधायक ने आरोप लगाया कि पीड़ित पक्ष और स्थानीय आदिवासी समुदाय को धमकियां भी दी जा रही हैं, जिससे क्षेत्र में चिंता का माहौल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इन आरोपों की जांच करने, पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने और मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। विधायक ने कहा कि बच्चियों की सुरक्षित बरामदगी और परिवार की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी।
मामले की जानकारी मिलने के बाद लेस्लीगंज एसडीपीओ प्रशांत कुमार और पांकी थाना पुलिस ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर जांच शुरू कर दी है। इस दौरान समाजसेवी कमेश यादव, मंडल अध्यक्ष रोशन सिंह, मंटू शर्मा, सुनील प्रसाद गुप्ता, मुकेश गुप्ता, अनिल साव, लालधारी उरांव, विनोद उरांव, कैलाश उरांव, प्रेम उरांव, सुरेंद्र उरांव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और अन्य लोग मौजूद थे। पुलिस की जांच और बच्चियों की तलाश जारी है।

